दिनांक:24.02.2026 (ਲੋਕ ਮਸਲੇ ) -कर्मचारी राज्य बीमा निगम के 75वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 24 फरवरी 2026 को उद्घाटन समारोह का आयोजन उप क्षेत्रीय कार्यालय, लुधियाना के परिसर तथा आरती इंटरनेशनल लिमिटेड में उत्साहपूर्वक किया गया। यह कार्यक्रम 24.02.2026 से 10.03.2026 तक मनाए जा रहे स्थापना दिवस पखवाड़े का शुभारंभ था।
उप क्षेत्रीय कार्यालय, लुधियाना में सम्मान समारोह
उप क्षेत्रीय कार्यालय, लुधियाना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 30 से अधिक बीमित व्यक्तियों (IP), लाभार्थियों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ईएसआईसी के साथ उनके दीर्घकालीन जुड़ाव एवं योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर श्री प्राणेश कुमार, सिन्हा (संयुक्त निदेशक, प्रभारी), उप क्षेत्रीय कार्यालय लुधियाना द्वारा ईएसआईसी की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा एवं श्रमिकों को प्रदान की जा रही सामाजिक सुरक्षा सेवाओं पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि ईएसआईसी निरंतर अपने लाभार्थियों को बेहतर चिकित्सा एवं सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस कार्यक्रम के तहत लुधियाना के सरकारी प्राथमिक स्कूल में वृक्षारोपण भी किया गया। जिसमे स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए तथा बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ व हरित वातावरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
आरती इंटरनेशनल लिमिटेड में संवादात्मक सत्र
75वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में लुधियाना में मौजूद आरती इंटरनेशनल लिमिटेड में एक संवादात्मक सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें 80 से अधिक विभिन्न नियोजकों के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस सत्र में श्री प्राणेश कुमार सिन्हा, संयुक्त निदेशक (प्रभारी), उप क्षेत्रीय कार्यालय, लुधियाना एवं डॉ. अपराजिता सोफिया डी’सूज़ा, चिकित्सा अधीक्षक, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल लुधियाना, विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा ईएसआईसी योजना के विभिन्न लाभों, चिकित्सा सुविधाओं एवं नियोक्ताओं की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी गई तथा उपस्थित प्रतिनिधियों के प्रश्नों का समाधान किया गया।
आरती इंटरनेशनल लिमिटेड के प्रेसिडेंट (HR), श्री अर्जेश मिश्रा ने ईएसआईसी द्वारा श्रमिकों के कल्याण हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में श्री पंकज कुमार (सहायक निदेशक), श्री अजीत कुमार (सहायक निदेशक), श्री सुनील कुमार (एनएफएसजी, ईएसआईसी मॉडल अस्पताल लुधियाना) भी उपस्थित रहे। सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री राजीव कुमार एवं श्री सुरेश कुमार की सक्रिय भूमिका से सेमिनार के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
आगामी कार्यक्रम
ईएसआईसी स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत आगामी दिनों में विभिन्न सेमिनार, जागरूकता कार्यक्रम एवं निवारक स्वास्थ्य जांच शिविर (Preventive Health Check-up Camps) आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य बीमित व्यक्तियों, लाभार्थियों एवं नियोक्ताओं को ईएसआईसी की योजनाओं एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया।
ईएसआईसी के 75वें स्थापना दिवस का यह उद्घाटन समारोह सामाजिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता, सहभागिता एवं समन्वय का प्रतीक रहा।
कर्मचारी राज्य बीमा निगम के 75वें स्थापना दिवस का उद्घाटन समारोह